अवैध देह व्यापार का अड्डा बन गया था यह होटल
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के बेगूसराय में अवैध देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। एक ओर जहां शहर के सुभाष चौक स्थित एक होटल में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश हुआ, वहीं दूसरी ओर आर्केस्ट्रा के नाम पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का भी भंडाफोड़ किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों के बाद जिले में फैल रहे संगठित अवैध धंधे की हकीकत सामने आई है।
आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए युवक-युवती
पहला मामला नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास स्थित होटल गणपति का है। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां बाहर से लड़कियां बुलाकर देह व्यापार कराया जाता है। सूचना के आधार पर सदर एसडीओ अनिल कुमार और डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक कमरे से महिला और पुरुष को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान कमरे से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया, जबकि होटल के रजिस्टर में इनकी कोई एंट्री नहीं पाई गई थी। पुलिस ने मौके से कॉल गर्ल, ग्राहक और होटल स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया के जरिए धंधे में उतरी महिला
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी शादी पश्चिम बंगाल में हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। बाद में वह पटना में एक युवक के संपर्क में आई और उसके साथ रहने लगी। आर्थिक तंगी और महंगे शौक पूरे करने के लिए वह सोशल मीडिया के जरिए एक महिला के संपर्क में आई, जिसने उसे इस धंधे में उतार दिया। पिछले एक साल से वह अलग-अलग शहरों में जाकर देह व्यापार कर रही थी।
आर्केस्ट्रा के नाम पर चल रहा था दूसरा रैकेट
दूसरा मामला आर्केस्ट्रा के नाम पर चल रहे देह व्यापार रैकेट से जुड़ा हुआ है। हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान संगीता नाम की एक महिला से हुई थी। उसे डांस प्रोग्राम में काम दिलाने के बहाने बेगूसराय बुलाया गया, जहां उससे जबरन गलत काम कराने की कोशिश की जाने लगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी, कई लड़कियां रेस्क्यू
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने संगीता और उसके सहयोगी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही किराए के मकान से छह अन्य लड़कियों को भी रेस्क्यू किया गया है।
ये भी पढ़ें:
गोपालगंज में चाकूबाजी में घायल युवक की मौत के बाद बवाल, एनएच-27 जाम, 10 अप्रैल को हुआ था जानलेवा हमला
संगठित नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती
पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि जिले में अवैध देह व्यापार का नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा है, जिस पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। हालांकि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी या नहीं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।