बिहार के हवेली खड़गपुर प्रखंड के गंगटा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगटा पंचायत के औरैया गांव निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) 55 वर्षीय बाबूलाल मरांडी का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूलाल मरांडी बीएसएफ की 77वीं बटालियन में पदस्थापित थे और वर्तमान में कोलकाता स्थित टैगोरविला मुख्यालय में तैनात थे। मंगलवार की शाम ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक पेट दर्द और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
गुरुवार की सुबह बीएसएफ अधिकारियों द्वारा उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव औरैया लाया गया। जैसे ही जवान का शव गांव पहुंचा, परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए गांव सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
उपस्थित लोग भावुक हो उठे
इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ गांव में शव यात्रा निकाली गई। अंतिम संस्कार के दौरान बीएसएफ जवानों द्वारा दिवंगत एएसआई बाबूलाल मरांडी को सलामी दी गई, जिससे उपस्थित लोग भावुक हो उठे।
ये भी पढ़ें- Bihar News: पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, परिसर खाली कराया गया
जानें कमांडेंट आलोक कितने वर्ष तक दी सेवा
पार्थिव शरीर के साथ पहुंचे बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आलोक कुमार ने बताया कि बाबूलाल मरांडी ने लगभग 31 वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा की। वे कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और सरल स्वभाव के सैनिक थे। उनके असामयिक निधन से बीएसएफ को अपूरणीय क्षति हुई है।