आरोपी योग शिक्षक गौरांग महाप्रभु
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के शेखपुरा जिले के शेखपुरा नगर क्षेत्र में संचालित एक सरकारी आवासीय बालिका विद्यालय के योग शिक्षक द्वारा स्कूल की एक 13 वर्षीय नौवीं की कक्षा से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। छेड़खानी के इस मामले की जांच अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सुभाष चंद्र द्वारा की गई। उसके बाद अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी द्वारा स्थानीय नगर थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि बालिका विद्यालय में केवल छात्राएं पढ़ती हैं। योग शिक्षक राज्य के कटिहार जिला के फलका थाना क्षेत्र के फालका गांव निवासी गौरांग महाप्रभु बताया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद योग शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर शेखपुरा जेल भेज दिया है। आरोपी शिक्षक पिछले दिसंबर माह में इस विद्यालय में स्थानांतरित होकर आया था। जबकि इससे पहले वह जमुई जिले के आवासीय बालिका विद्यालय में पदस्थापित था।
नगर थाना अध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया है। छात्रा का बयान कोर्ट में दर्ज करा दिया गया है। गौरतलब है कि यह बालिका के लिए आवासीय विद्यालय है, जिसमें केवल छात्राएं रहती हैं। उधर, जिले के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस विद्यालय के संचालन के लिए सभी महिला कर्मियों को रखे जाने की मांग की है।