लगातार हो रही बारिश के कारण खगड़िया शहर विशेषकर सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। जलजमाव से मरीजों और उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार रविवार को स्वयं सड़कों पर उतरे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सदर अस्पताल परिसर की स्थिति को करीब से देखा। उन्होंने पाया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष अस्पताल परिसर में पानी भर जाता है, जिससे मरीजों की आवाजाही बाधित होती है और स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी विकास कुमार, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पढ़ें: सुप्रसिद्ध शाही लीची को पहचान देने की अनोखी पहल, वेस्ट मटेरियल से तैयार हो रही अनोखी कलाकृति
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना अविलंब तैयार की जाए और उस पर त्वरित गति से कार्य आरंभ हो। उन्होंने कहा कि आम जनता को हो रही परेशानी को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और समस्या के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि शहर के अन्य जलजमाव प्रभावित इलाकों को भी चिह्नित कर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।