बेगूसराय में बाढ़ का खतरा नई आफत लेके आया है। यहां गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने के कारण बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दियारा के पांच पंचायत दादूपुर, बिशनपुर, चमथा एक, चमथा दो एवं चमथा तीन पूरी तरह गंगा के पानी से प्रभावित हो चुका है। गंगा के पानी रहने के कारण लोगों का जीवन जीना मुश्किल हो गया है।
वहीं दियारा के पांच पंचायत को जोड़ने वाली सड़क पर 3 से 5 फीट तक पानी रहने के कारण आमलोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बढ़ते जलस्तर के कारण मवेशी के चारे के लिए किसानों पर संकट मंडराने लगा है। जिसके कारण किसान मवेशी के साथ पलायन करना शुरू कर दिए हैं। साथ ही विद्यालय परिसर में 3 से 5 फीट पानी रहने के कारण छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिका विद्यालय नही पहुंच पा रही हैं।
ऐसा इसलिए क्योंकि दियारा के पांचों पंचायत का विद्यालय पूरी तरह जलस्तर की चपेट में है। वहीं स्वास्थ्य केंद्रों पर भी समस्या सामने देखने को मिल रही है। क्योंकि प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र चमथा समेत विभिन्न केंद्रों के चारों ओर 3 से 5 फीट पानी है। जिस वजह से मरीज उपचार कराने एवं स्वास्थ्य कर्मी सेवा देने स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में असहज महसूस कर रहे हैं।