राजगीर (नालंदा) में आयोजित होने वाले एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप को लेकर निकाला गया ट्रॉफी गौरव यात्रा का कारवां गुरुवार को मुंगेर पहुंचा। ट्रॉफी गौरव यात्रा का कारवां मुंगेर संग्रहालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह और एसपी सैयद इमरान मसूद ने एशिया महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर शहर में भ्रमण किया और संग्रहालय सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में भाजपा विधायक प्रणव कुमार यादव, एडीएम मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार और टीम लीडर विनय कुमार मौजूद रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि आज हमारे मुंगेर जिले के लिए यह क्षण गौरव का है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक करार देते हुए इसे खेल को दुनिया का मील का पत्थर बताया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच के कारण आज बिहार इस मुकाम पर पहुंचा है। जंहा राजगीर में महिला हॉकी चैंपियनशिप खेला जाएगा। उन्होंने कहा महिला हॉकी चैंपियनशिप खेल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि हम लोगों के लिए गर्व की बात है कि पहली बार राजगीर खेल स्टेडियम में महिला हॉकी चैंपियनशिप खेला हो रहा है। इस चैंपियनशिप खेल के बाद बिहार के खिलाड़ियों को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा विधायक प्रणव कुमार यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में खेल को बढ़ावा देने के लिए अलग से बजट का प्रावधान किए और बिहार के मुख्यमंत्री के प्रयास से राजगीर में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप खेला जा रहा है। टीम लीडर विनय कुमार ने बताया कि राजगीर में 11 से 20 नवंबर तक एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप खेला जा रहा है, जिसमें भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड के देश हिस्सा लेंगे।
वहीं, बिहार में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप खेल के प्रचार व प्रसार को लेकर ट्रॉफी गौरव यात्रा निकाला गया। जो हरियाणा, पंजाब, उड़ीसा और झारखंड के बाद बिहार के विभिन्न जिलों में यात्रा कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में ट्रॉफी गौरव यात्रा 19 अक्तूबर को शुरू की गई। जो बिहार के अब तक दस जिलों तक की यात्रा की गई है, जिसमें आज मुंगेर में की गई। उन्होंने कहा कि यह यात्रा चार नवंबर को राजगीर में समाप्त हो जाएगी।