बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र में सोमवार को विषैले सांप के डसने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नारायणपीपर पंचायत के वार्ड संख्या-16 निवासी रामानंद पासवान की 80 वर्षीय पत्नी सुन्दरी देवी सुबह लगभग 10 बजे घर के बाहर चापाकल पर स्नान करने गई थीं।
बताया जाता है कि स्नान से पहले उन्होंने अपना कपड़ा गोबर के ऊपले पर रख दिया। तभी ऊपले से निकले विषैले सांप ने उनके पैर पर काट लिया। घटना के बाद परिजनों ने समय पर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वासवश महिला को झाड़-फूंक कराने कुंभी गांव के एक तांत्रिक के पास पहुंचाया।
झाड़-फूंक के बाद जब परिजन सुन्दरी देवी को घर लेकर लौट रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अचेतावस्था में स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढे़ं: मुजफ्फरपुर में बागमती पर 814 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट; 21.30 किमी सड़क से तीन जिलों का सीधा संपर्क
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। सूचना पाकर मुखिया प्रतिनिधि डॉ. निगम कुमार और पंसस प्रतिनिधि अरुण पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि पीएचसी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया। साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की। घटना की जानकारी पर पहुंचे पुअनि शैलेंद्र कुमार और फ्रूटी कुमारी ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।