जमुई जिले में अवैध हथियार निर्माण और उसकी सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिकंदरा थाना क्षेत्र में मिनीगन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। मिर्चा-पाठकचक के पास नहर किनारे जंगल में संचालित इस अवैध ठिकाने से जिंदा कारतूस, ड्रिल मशीन समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 20 अक्तूबर को सिकंदरा थाना कांड संख्या 283/2026 के सिलसिले में गिरफ्तार छोटू पासवान उर्फ टीनू कुमार (25), निवासी मिर्चा, थाना जमुई से पूछताछ की गई थी। पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण के ठिकाने का पता लगाया।
कार्रवाई के दौरान कथित फैक्ट्री संचालक जमशेद अली उर्फ तौफीक मलिक, निवासी आमीन, थाना जमुई तथा उसके सहयोगी डबलू कुमार, निवासी मिर्चा गांव, थाना सिकंदरा को गिरफ्तार किया गया। एसपी के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनका संबंध मुंगेर से भी जुड़ा है। वहां से हथियारों की मांग मिलने पर आपूर्ति किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: किसने फैलाई बच्चा चोरी की अफवाह? गांव वालों ने दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा
मशीन और उपकरण जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से .315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक ड्रिल मशीन, एक हैंड वाइस, एक मैगजीन फार्म, 12 साइकिल फार्म, पांच गोल रॉड, एक मशीन स्प्रिंग, तीन पीस चदरा, 12 हेक्सा ब्लेड, पांच वायर स्प्रिंग और तीन ड्रिल बिट सहित अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था और तैयार हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
बरामद मिनी गन फैक्ट्री का सामग्री, गिरफ्तार युवक, प्रेस को जानकारी देते एसपी
बरामद मिनी गन फैक्ट्री का सामग्री, गिरफ्तार युवक, प्रेस को जानकारी देते एसपी
बरामद मिनी गन फैक्ट्री का सामग्री, गिरफ्तार युवक, प्रेस को जानकारी देते एसपी