जमुई-खैरा मुख्य मार्ग के कवैया मुसहरी के समीप गुरुवार देर शाम हुए एक पिकअप ने चार लोगों को कुचल दिया। इसके बाद शुक्रवार को लोगों का आक्रोश भड़क गया। बिठलपुर झखुआ मुसहरी निवासी कारु मांझी की पत्नी बेचनी देवी की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बोधबन तालाब चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन के चालक और मालिक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, कारु मांझी अपने परिवार के साथ किसी कार्य से कवैया मुसहरी गए थे। काम पूरा होने के बाद वे अपनी पत्नी बेचनी देवी, पुत्र चुनचुन मांझी और बहू सरिता देवी के साथ सड़क किनारे बैठे थे। इसी दौरान अनियंत्रित पिकअप ने चारों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बेचनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कारु मांझी, चुनचुन मांझी और सरिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो का इलाज शहर के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है, जबकि एक घायल सदर अस्पताल में भर्ती है।
वाहन छोड़कर चालक हुआ फरार
आक्रोशित लोगों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन इंदपे गांव निवासी गारो यादव का है। उनका कहना है कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात तक पीड़ित परिवार और वाहन मालिक के बीच समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
ये भी पढ़ें-
भाजपा नेता से लॉरेंस गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगी, न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी
मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार सुबह सड़क जाम की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यातायात सामान्य कराने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।