सार
Bihar News: खगड़िया में 24 घंटे में दो घटनाओं ने सनसनी फैलाई। एनएच-107 पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पीडीएस डीलर का शव ससुराल में संदिग्ध हालात में मिला। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...
पोस्टमार्टम कराने के लिए मौके पर मौजूद परिजन
- फोटो : Amar Ujala
खगड़िया जिले में बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। एक ओर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक पीडीएस डीलर का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
एनएच-107 पर स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत
पहली घटना नौरंगा स्थित एनएच-107 की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे मौजूद 45 वर्षीय कमलेश्वरी यादव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ससुराल में मिला पीडीएस डीलर का शव
दूसरी घटना ने मामला और गंभीर बना दिया है। सहरसा जिले के सौर बाजार निवासी पीडीएस डीलर राकेश कुमार का शव उनके ससुराल में संदिग्ध अवस्था में मिला। जानकारी के अनुसार, वह अपने साले की शादी में शामिल होने कुछ दिन पहले ही ससुराल आए थे।
विवाद और मारपीट की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से पहले राकेश का अपने साले और उसके दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया था। इसके बाद उनकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: सुबह से शाम हो गई, नहीं उठाने दिया शव; पटना में थाने के पास हुई हत्या के बाद तनाव, परिजनों ने बताई वजह
जांच में जुटी पुलिस
मृतक के परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए थाने में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।