जमुई जिले में शुक्रवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली, जिससे लोगों को तेज धूल भरी आंधी और झमाझम बारिश का सामना करना पड़ा। करीब 30 मिनट तक चली इस आंधी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। दिनभर की भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिली, लेकिन तेज हवा और उड़ती धूल ने परेशानी भी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार लगभग 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। दोपहर बाद से आसमान में बादल छाने लगे थे और शाम होते-होते तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई।
वज्रपात की चपेट में आने से छात्रा की मौके पर हुई मौत
इसी दौरान चकाई बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक छात्रा वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान चकाई प्रखंड के जलखरिया गांव निवासी शिक्षक रंजीत दास की 15 वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है।
घर लौट रही थी सहेलियां
बताया जाता है कि रागिनी अपनी तीन सहेलियों के साथ साइकिल से घर लौट रही थी। इसी बीच अजय नदी से लगभग 100 गज पहले अचानक तेज बिजली कड़कने के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से रागिनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उसकी दो अन्य सहेलियां आंशिक रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें:
वज्रपात का कहर; खेत में काम कर रहे किसान की मौत, भैंस भी बनी शिकार
पढ़ाई में काफी मेधावी थी छात्रा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं। बताया जाता है कि रागिनी पढ़ाई में काफी मेधावी थी। आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव भी हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस तरह के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल, इस बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन एक परिवार की खुशियां छीन ली।