जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग एनएच-333 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शेखपुरा जिले के कसार थाना की पुलिस वाहन चौडीहा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गया। इस हादसे में कसार थानाध्यक्ष समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
नाबालिग बंदियों को लेकर जा रही थी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखपुरा पुलिस दो नाबालिग बंदियों को लेकर शेखपुरा से जमुई स्थित पर्यवेक्षण गृह आ रही थी। इसी दौरान चौडीहा गांव के पास सड़क पर अचानक दो मवेशी आ गए। मवेशियों को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पुलिस वाहन सड़क पर पलट गया।
पेड़ से टकराकर रुकी गाड़ी
तेज रफ्तार होने के कारण वाहन पलटते हुए सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया, जिससे उसमें सवार पुलिसकर्मी और दोनों नाबालिग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और डायल 112 टीम ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई भेजा गया।
थानाध्यक्ष समेत छह लोग घायल
घायलों में कसार थानाध्यक्ष संतोष कुमार, सिपाही रवि कुमार, चौकीदार श्रवण कुमार तथा चौकीदार अलख निरंजन शामिल हैं। वाहन में मौजूद दोनों नाबालिग बंदी भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष संतोष कुमार के हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य घायलों को भी चोटें लगी हैं।
ये भी पढ़ें:
धूप में इंतजार करती रहीं मंत्री, नहीं खुला स्विमिंग पूल भवन का ताला, निरीक्षण के दौरान भड़कीं मंत्री
हत्या के आरोपी हैं दोनों नाबालिग
कसार थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सड़क पर अचानक मवेशी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि दोनों नाबालिग हत्या के मामले में आरोपी हैं और उन्हें जमुई पर्यवेक्षण गृह लाया जा रहा था। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।