जमुई पुलिस ने गुरुवार को एक अंतरराज्यीय हनी ट्रैप और हत्या कांड का खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को जमुई के अगहरा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के अगहरा निवासी शंकर राम के बेटा सुमित कुमार के रूप में हुई है। इस मामले की जानकारी एसपी विश्वजीत दयाल ने दी है।
यह खबर भी पढ़ें-Crime in Daylight : बाइक रोक RC मांगी, फिर पिस्टल सटाकर लूट लिए ₹3.32 लाख, बिहार के नालंदा में दिनदहाड़े घटना
इस संबंध में एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि हरियाणा के हंसी जिले के नरौंद थाना क्षेत्र में 17 जनवरी 2025 को एक युवक प्रवीण उर्फ प्रीत टंडन के अपहरण और हत्या का मामला कांड संख्या-15/2025 और धारा-127 (6) BNS के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले की तहकीकात करते हुए हरियाणा पुलिस की एक टीम 25 जून को जमुई पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग से एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में जमुई की जिला आसूचना इकाई और हरियाणा पुलिस के अधिकारी ने तकनीकी जांच और मोबाइल सर्विलांस की मदद से अगहरा गांव निवासी शंकर राम के बेटे सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
यह खबर भी पढ़ें-Love Affair: शादी के 7 साल, 3 बच्चे... पति को छोड़ उसके भतीजे से शादी रचाई; बिहार में एक और चाची-भतीजा विवाह
इस संबंध में एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पूछताछ में सुमित ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी ममेरी बहन प्रिया भारती का प्रवीण से अवैध संबंध था। प्रिया ने उससे 5 लाख रुपए लिए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रही थी। जब प्रवीण ने पैसे वापस मांगने और तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी, तो प्रिया ने हत्या की साजिश रच डाली। इस साजिश में उसने अपने पति राजेन्द्र उर्फ राजू शर्मा, देवर धर्मेन्द्र शर्मा, भाई पियूष कुमार और ममेरे भाई सुमित कुमार को शामिल किया। इसके बाद प्रिया ने प्रवीण को पैसे लौटाने के बहाने 2 जनवरी 2025 को मुंगेर बुलाया। सभी आरोपी स्कॉर्पियो से जमुई से मुंगेर पहुंचे। वहां कासिमबाजार थाना क्षेत्र के जेआरएस कॉलेज के पीछे उन्होंने प्रवीण की हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। इस घटना को लेकर कासिमबाजार थाना में कांड संख्या-06/25, 8 जनवरी 2025 को दर्ज किया गया था। एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।