मुंगेर जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लाल दरवाजा के समीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। हैरानी की बात यह रही कि उक्त वाहन पर जेडीयू का बैनर लगा हुआ था। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित फूलमलिक गांव निवासी नीतीश कुमार और सोनू कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना लाया और तलाशी के दौरान झोले में रखी हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांड की दो दर्जन से अधिक विदेशी शराब की बोतलें बरामद कीं।
पूछताछ में नीतीश कुमार ने बताया कि वह रौशन नामक व्यक्ति की गाड़ी भाड़े पर चलाता है। घटना के दिन वह बेगूसराय के ज़ीरो माइल के पास चाय पी रहा था, तभी सोनू आया और गाड़ी को ₹500 में किराये पर लेकर मुंगेर चलने को कहा। नीतीश ने दावा किया कि उसे झोले में शराब होने की जानकारी नहीं थी।
पढे़ं: मुजफ्फरपुर में झंडा जुलूस को लेकर दो समुदायों में हिंसक झड़प, थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
वहीं, सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि शराब उसी की है और वह इसे मुंगेर के पोलो मैदान के पास किसी को डिलिवर करने वाला था। उसने यह भी कहा कि नीतीश को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अवैध शराब अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और बरामद शराब की कुल मात्रा 17.4 लीटर बताई गई है।
इस मामले में मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आगे की छानबीन में जुटी है।