फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: शहनाई बजने से पहले पसरा मातम, शादी वाले घर पर बदमाशों का धावा, महिला की मौत; दुल्हन के जेवर लूटे

Mon, 29 Jun 2026 11:00 AM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जमुई

सार

जमुई के दादपुर गांव में शादी से दो दिन पहले नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में हमला कर मारपीट, फायरिंग और लूटपाट की। हमले में घायल बेबी देवी की पटना ले जाते समय मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हैं। परिजनों ने जमीन विवाद में रिश्तेदारों पर साजिश का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
मामले की जांच करती पुलिस - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र स्थित दादपुर गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी से महज दो दिन पहले देर रात नकाबपोश बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की, फायरिंग की और शादी के लिए रखे गए जेवरात व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल एक महिला की इलाज के लिए पटना ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हैं।
विज्ञापन


एक जुलाई को होनी थी शादी
जानकारी के अनुसार, दिनेश यादव की बेटी काजल कुमारी की शादी 1 जुलाई को होनी थी। घर में विवाह की अंतिम तैयारियां चल रही थीं और पूरा परिवार उत्सव के माहौल में था। रविवार देर रात करीब एक दर्जन नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और हमला बोल दिया।

छत पर सो रहे थे घर के लोग
घायल उमेश कुमार यादव ने बताया कि अधिकांश लोग छत पर सो रहे थे। इसी दौरान बड़े भाई वासुदेव यादव के दरवाजा खोलने के बाद बदमाश तलवार, टांगी और अन्य हथियारों के साथ घर में दाखिल हो गए। सभी बदमाश काले कपड़े पहने हुए थे और अपनी बाइक घर से कुछ दूरी पर खड़ी कर रखी थी।
विज्ञापन


बदमाशों ने दो-तीन राउंड फायरिंग की
घायल काजल कुमारी ने बताया कि बदमाशों ने मारपीट के दौरान दो से तीन राउंड फायरिंग भी की। एक गोली उसकी मां सुहागा देवी के पैर में लगी। इसके बाद बदमाश शादी के लिए खरीदे गए जेवरात और घर में रखे मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। गोलीबारी और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को झाझा रेफरल अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल लोगों को बाद में सदर अस्पताल, जमुई और वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। इसी दौरान 35 वर्षीय बेबी देवी ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें-  Bihar: बिहार में कानून व्यवस्था तार-तार, डबल मर्डर के गवाह की सरेआम गोली मारकर हत्या; छपरा में भारी बवाल

जमीन बंटवारे को लेकर था विवाद
पीड़ित दिनेश यादव ने आरोप लगाया है कि जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर उनके बड़े भाई वासुदेव यादव ने अपने रिश्तेदारों और अन्य बदमाशों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने वासुदेव यादव, सुभाष यादव और मनोज यादव समेत कई लोगों की पहचान करने का दावा किया है।

एनएच-333 किया जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार सुबह दादपुर के पास जमुई-झाझा एनएच-333 को करीब एक घंटे तक जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ।
विज्ञापन


पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें