साइकिल से लौट रही छात्रा को हाइवा ने कुचला
- फोटो : अमर उजाला
झाझा थाना क्षेत्र के चरघरा गांव के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। वह कोचिंग से साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी, तभी एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
कोचिंग से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैना कुमारी बुधवार दोपहर बाद कोचिंग क्लास समाप्त होने के बाद साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान चरघरा के पास एक हाइवा ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
छात्रा की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नैना के शव को चरघरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-333 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण झाझा-सोनो मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े लोग
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी निशा सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार तथा सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने हाइवा चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें:
सीएम सम्राट चौधरी ने 29 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, जनता को क्या तोहफा मिला?
तीन घंटे बाद खुला हाईवे, जांच शुरू
काफी समझाने-बुझाने और सरकारी सहायता व उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। लगभग तीन घंटे बाद एनएच-333 पर यातायात सामान्य हो सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने तथा मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी।