मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चकाई थाना क्षेत्र के चर्घरा मोड़ के समीप बुधवार की शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राजाराम मोहली पिता त्रिभुवन मोहली, निवासी पहाड़पुर, थाना चानन, जिला बांका के रूप में की गई है। वह वर्तमान में चिहरा थाना क्षेत्र के चहबच्चा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, राजाराम मोहली मकर संक्रांति के अवसर पर गिरिडीह से तिलकुट लेकर बस से अपने ससुराल लौट रहा था। बुधवार की शाम वह बस से चर्घरा मोड़ के पास उतरा और सड़क पार करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजाराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कंटेनर चालक ट्रक को मौके पर ही लॉक कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चकाई थाना के अवर निरीक्षक प्रभात राय, शिवनंदन कुमार, गौतम पासवान एवं मंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पढ़ें- Bihar News: चालू आटा चक्की का पट्टा बदलने के दौरान जैकेट फंसने से संचालक की मौत, कई टुकड़ों में बंट गया था हाथ
इस संबंध में चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक फरार हो गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के ससुराल में मातम छा गया। मृतक की सास कुंती देवी और पत्नी कंचन देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। राजाराम अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।