लखीसराय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यापीठ चौक के समीप मंगलवार को किऊल नदी में स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। स्नान करने गए चार बच्चों में से एक दस वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई, जबकि अन्य तीन बाल-बाल बच गए।
मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के मेहुस गांव निवासी गंगासागर डोम के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि कुंदन गर्मी की छुट्टियों में अपने मौसा अजय मल्लिक के घर लखीसराय आया हुआ था। मंगलवार को वह अपने साथियों सत्या कुमार, छोटी और दुर्गा कुमारी के साथ किऊल नदी में स्नान करने गया था।
स्नान के दौरान सभी बच्चे खेलते-खेलते आगे बढ़ते गए। इसी दौरान कुंदन गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण संतुलन खो बैठा। वह डूबने लगा। बाकी बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से कुंदन को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सुनील साहनी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।इस दुखद घटना से कुंदन के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मच गया है और पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। कुंदन की असमय मौत ने सभी को गहरे शोक में डाल दिया है।
पढ़ें: मुख्य सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन कर जताया विरोध
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किऊल नदी के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, जलाशयों और नदियों के पास चेतावनी बोर्ड लगाने तथा निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील भी की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी दे गया कि बच्चों को अकेले जलाशयों या नदियों में भेजना बेहद खतरनाक हो सकता है।