शव की तलाश में जुटे गोताखोर तथा आर्यन कुमार (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंधिया इंग्लिश ग्राम में गंगा स्नान करने के दौरान एक 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सफियासराय थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं, स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की खोजबीन की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सिंघिया इंग्लिश निवासी अनुज यादव के बेटे आर्यन कुमार के रूप में की गई है, जो मध्य विद्यालय सिंघिया में आठवीं कक्षा का छात्र था। आर्यन शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने के लिए गया हुआ था। जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। शोर करने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पहुंचे तब तक वह डूब चुका था। आर्यन दो भाइयों में छोटा था। वहीं, घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की खबर मिलने के बाद से मृतक के परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं, दो घंटे बीत जाने के बाद भी स्थानीय गोताखोर टीम न पहुंचने को लेकर गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मुंगेर लखीसराय पटना मुख्य मार्ग को सिंघिया के पास जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद जमालपुर अंचल अधिकारी और सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को समझा-बूझाकर जाम हटवाया। वहीं, जाम लगने के कारण मुंगेर और लखीसराय मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से आने जाने वाले राहगीर तथा यात्री काफी परेशान दिखे। घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।