बिहार के बेगूसराय में अचानक खड़ी बस में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। वहीं, बस में आग लगते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। यह पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के कोऑपरेटिव कॉलेज स्थित एनएच 31 के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, एनएच 31 किनारे बस खड़ी हुई थी, तभी अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही बस धू-धू कर जलने लगी और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिनमें मेट्रो पिलर के पास सड़क पर खड़ी बस में भीषण आग लगी है। बड़ी-बड़ी लपटें और धुएं का गुबार उठ रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना दमकल कर्मी टीम को दी। सूचना पर दमकल कर्मी की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई।
वहीं, बस स्टाफ ने कहा कि अभी इसी जगह बस लगाई थी। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि अचानक किसी शख्स ने बस में आग लगा दी है।
इस घटना को लेकर नगर थाना अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जानकारी मिली कि एनएच किनारे खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई है। दमकल कर्मी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने बताया कि इस आग लगने की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन आग लगने से बस पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस में आग कैसे लगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।