झारखंड से आ रही शराब की एक बड़ी खेप को पकड़ने गई पुलिस टीम पर शराब तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। स्कॉर्पियो सवार तस्करों ने पहले मुफस्सिल थाना की गाड़ी को टक्कर मारी और फिर सामने से डिवाइस इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) की गाड़ी में जोरदार टक्कर दे दी। इस घटना में डीआईयू प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं दो तस्कर भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से शराब के साथ हथियार भी बरामद किए हैं।
झारखंड से शराब तस्करी की सूचना पर हुई कार्रवाई
तीन पुलिसकर्मी घायल, आरोपी भी अस्पताल में भर्ती
मौके से भारी मात्रा में शराब और हथियार बरामद
पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से 119 लीटर विदेशी शराब, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुईं। इससे तस्करों के नेटवर्क के सुनियोजित और पेशेवर होने के संकेत मिलते हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी सावंत कुमार और असरगंज थाना क्षेत्र के ममई गांव निवासी अमरेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया है। इनकी संलिप्तता भी शराब तस्करी गिरोह से जुड़ी बताई जा रही है।
डीएसपी ने दी पूरी जानकारी
सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार की देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीताकुंड डीह के पास पुलिस टीम को देखकर स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर गाड़ी से टक्कर मार दी। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, स्कॉर्पियो से 119 लीटर विदेशी शराब, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक मुंगेर का और बाकी तीन बाहर के रहने वाले हैं।