बीते दो मई की सुबह खगड़िया पुलिस को सूचना मिली थी कि इंडियन ऑयल के पाइप लाइन में छेड़छाड़ हो रही है। पुलिस ने जब छापेमारी की तो महेशखूंट थाना क्षेत्र के इंडियन ऑयल के पाइप लाइन के पास एक टैंकलोरी एवं तेल निकालने का औजार बरामद किया गया। उसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए तीन अंतरराज्यीय तेल चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।
खगड़िया पुलिस ने इंडियन ऑयल कंपनी के पाइप लाइन से कच्चे तेल की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य को गिरफ्तार किया है। इनमें दो की गिरफ्तारी झारखंड से एवं एक की गिरफ्तारी यूपी से हुई है। ये सभी गिरोह के सदस्य हैं। जो इंडियन ऑयल कंपनी के पाइप लाइन में पाइप लगाकर तेल की चोरी करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले स्थित बरदह थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सहौली निवासी शरदा राय के पुत्र नामेश्वर राय, झारखंड के बोकारो जिला स्थित सेक्टर चार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट निवासी योगेन्द्र कुशवाहा के पुत्र राजकिशोर कुशवाहा एवं नन्दजी भगत के पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है।
यह भी पढ़ें: महिला डांसर के साथ छेड़छाड़ के बाद चाकूबाजी, तीन गंभीर घायलों का DMCH में इलाज जारी
ये सभी बीते दो मई के अहले सुबह महेशखूंट थाना क्षेत्र के गौछारी गांव स्थित नन्दनिया बहियार के पास इंडियन ऑयल पाइप लाइन से टैंकलोरी में तेल की चोरी कर रहे थे। इसकी सूचना पाकर जब पुलिस वहां पहुंची तो सभी फरार हो गए। मौके से पुलिस ने एक टैंकलोरी एवं तेल निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले औजार को बरामद किया था।
तेल चोर गिरोह के हैं सदस्य सभी
इस संबंध में एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बीते एक और दो मई की रात को बरौनी रिफायनरी से सूचना मिली थी कि महेशखूंट थाना क्षेत्र के उक्त जगह पर तेल बहाव कम हो रहा है, जिसके बाद जब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर छापेमारी की तो वहां पर एक टैंकलोरी जिसमें आधा कच्चा तेल भरा जा चुका था एवं तेल निकालने के औजार मिला। हालांकि, अंधेरा का फायदा उठाकर उक्त गिरफ्तार तीनों आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। एसपी ने बताया कि ये सभी अंतर्राजीय तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं, जिसमें एक राहुल के ऊपर पश्चिम बंगाल में भी केस दर्ज है। जबकि दूसरा राजकिशोर कुशवाहा पर भी हरियाणा एवं बड़ोदरा में तेल पाइप लाइन को काटकर चोरी के आरोप में केस दर्ज है।
यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे देखिये अपना परिणाम
स्थानीय लाइनर की गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा
एसपी राकेश कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोगरी थाना क्षेत्र के बरैठा निवासी मनोज यादव की गिरफ्तारी की थी। जिससे पूछताछ पता चला कि इस मामले में कई अन्य लोग शामिल हैं। एसपी ने बताया कि जो टैंकलोरी जप्त की गई थी। उसमें टोल टैक्स के लिए लगाया गया फास्टटैक की जांच जब की गई तो पता चला कि यह ट्रक पंजाब, राजस्थान, झारखंड होते हुए खगड़िया लाई गई थी। एसपी ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाना है।