घायल किसान अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय जिले के लाखों थानाक्षेत्र के भैरवार गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा गोलीबारी करने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक किसान को दाएं पैर में गोली मार दी गई। उसके बाद घायल किसान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की पहचान भैरवार गांव वार्ड-8 निवासी रामविलास सिंह के बेटे रणधीर कुमार (40) के रूप में हुई है।
घायल रणधीर कुमार ने बताया कि पिछले 40 वर्षों से उनके परिवार और पड़ोसी गोपाल सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जब वह मात्र 10 वर्ष के थे, तब से ही गोपाल सिंह और उनके सहयोगी इस विवाद को लेकर झगड़े और हिंसात्मक घटनाओं को अंजाम देते आ रहे हैं। आज इसी विवाद को लेकर गोपाल सिंह और उनके सहयोगियों ने अचानक रणधीर के घर पर हमला किया और गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें एक गोली रणधीर के दाएं पैर में लगी।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही लाखों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
गौरतलब है कि इसी तरह की एक और घटना पिछले गुरुवार को भी हुई थी, जब नगर थानाक्षेत्र के नौलखा मंदिर के पास जमीन विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर हमला किया था। स्कूटी पर सवार युवक राजू सिंह और उसका दोस्त ओम प्रकाश उस वक्त हमले का शिकार हुए थे, जब वे मंडल कारा में बंद अपने परिजनों के लिए खाना लेकर जा रहे थे। उस घटना में भी दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।