मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गाड़ी चालक के अपहरण और मारपीट मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) भी शामिल है। पुलिस ने घटनास्थल से चार देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मिर्ची पाउडर और नशीली दवा बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुल्तानगंज स्टैंड से एक बोलेरो वाहन चालक मोहम्मद मोहिद से संपर्क कर कहा कि उनकी मौसी की मौत हो गई है और उन्हें तत्काल मुंगेर जाना है। इसके एवज में 1500 रुपये तय कर बोलेरो हायर की गई। मुंगेर पहुंचने के बाद सभी आरोपी चालक को बंधक बनाकर पिटाई करने लगे और गाड़ी लूट ली। जांच में पता चला कि सभी आरोपी मुंगेर शहर के एक बड़े व्यवसायी के पुत्र का अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना बना रहे थे। इसी उद्देश्य से गाड़ी लूटने की वारदात की गई थी।
पढ़ें: जंगली भंवरे के काटने से एक महिला की मौत, पांच महिलाएं घायल; घटनास्थल पर मची अफरातफरी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि सुल्तानगंज निवासी टैक्सी चालक मोहम्मद मोहिद का कुछ लोगों ने अपहरण कर मुंगेर लाया है। सूचना के बाद सदर डीएसपी अभिषेक आनंद के नेतृत्व में कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप, पूरब सराय थानाध्यक्ष सौरव कुमार सिंह और डीआईयू प्रभारी चंदन कुमार की टीम गठित कर छापेमारी की गई। कुछ ही घंटों में टीम ने मकससपुर से गाड़ी और चालक को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलखुश कुमार, मुन्ना साह, नितेश कुमार और अजित कुमार उर्फ मिट्ठू के रूप में हुई है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। घटना का मास्टरमाइंड कुख्यात अपराधी मंजीत मंडल का भांजा अजित कुमार उर्फ मिट्ठू बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि अपहृत चालक को सुरक्षित बरामद कर न केवल बड़ी वारदात को टाल दिया गया, बल्कि भविष्य में होने वाले संभावित अपहरण की घटनाओं को भी रोका जा सका। मामले का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।