लखीसराय किऊल थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सिंगारपुर निवासी बच्चू यादव के 22 वर्षीय पुत्र रवि शंकर कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रवि शंकर शुक्रवार की शाम अपने घर से बाजार जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही किऊल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।