बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार हाइड्रा ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरपुर चौक के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली निवासी अजब लाल साहनी के बेटे सरोज कुमार साहनी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सरोज कुमार साहनी मोटरसाइकिल से दो महिलाओं को लेकर अपने घर रुदौली जा रहे थे। इसी दौरान हरपुर चौक के पास तेज रफ्तार हाइड्रा ने सामने से मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में सरोज कुमार साहनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल पर बैठी दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें घायल अवस्था में परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना रिफाइनरी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।