पुलिस की गिरफ्त में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी रंजीत शंकर प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी को जीरो माइल स्थित एक होटल के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पैक्स गोदाम बनाने के लिए मांगी थी रिश्वत
मामले में बताया गया कि बछवाड़ा प्रखंड के रसीदपुर के पैक्स अध्यक्ष अखिलेश कुमार सुमित अपने पैक्स भवन का गोदाम बनवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी को आवेदन दिया था। आरोप है कि सहकारिता प्रसार पदाधिकारी रंजीत शंकर प्रसाद आवेदन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार 25 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। बाद में काफी बातचीत के बाद 10 हजार रुपये पर सौदा तय हुआ।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: लवली आनंद ने कहा- ‘2025 में 225, फिर से नीतीश’ नारा बनेगा हकीकत, भूरा बाल... विवाद पर भी बोलीं
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
पैसा मांगने से परेशान पैक्स अध्यक्ष ने 15 सितंबर को निगरानी विभाग, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को तय योजना के तहत जैसे ही सहकारिता पदाधिकारी ने 10 हजार रुपये लेकर बैग में रखा, टीम ने उसे दबोच लिया। सभी नोट 500 के थे।
राज्यपाल कार्यक्रम से लौटते समय चढ़े हत्थे
जानकारी के अनुसार, सहकारिता पदाधिकारी रंजीत शंकर प्रसाद सिमरिया में आयोजित राज्यपाल के कार्यक्रम में ड्यूटी पर गए थे। वहीं से लौटते समय जीरो माइल के पास उन्होंने रिश्वत की रकम ली, तभी निगरानी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अधिकारी को सर्किट हाउस लाकर पूछताछ की जा रही है। निगरानी विभाग के डीएसपी श्रीराम चौधरी ने बताया कि आरोपी से आगे की कार्रवाई के तहत विस्तृत पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: महिला पुलिस बटालियन हुई फूड प्वाइजनिंग का शिकार, 70 से ज्यादा पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती