बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि रंगदारी न देने पर खुलेआम आगजनी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे दे रहे हैं। ताजा मामला जिले के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के वन्द्वार गांव का है, जहां हथियार से लैस बदमाशों ने पांच लाख रुपये रंगदारी न देने पर एक बुलेट बाइक में आग लगा दी। इस घटना का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक जलती हुई नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें- Lalu Yadav: राजद अध्यक्ष लालू यादव दिल्ली रवाना, पहली बार निकले तो एयरपोर्ट की जगह ले जाया गया था अस्पताल
रंगदारी की मांग, फिर मारपीट और आगजनी
घटना को लेकर पीड़ित पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि उनके छोटे बेटे मोनू उर्फ लक्ष्मीकांत गौतम के मोबाइल पर गांव के ही कन्हैया कुमार ने फोन कर पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। जब पैसे देने से इनकार किया गया, तो बदमाशों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात पुरुषोत्तम सिंह जब अपने हार्डवेयर की दुकान बंद कर बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कन्हैया कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर उन्हें रोक लिया। इसके बाद मारपीट करते हुए 7,500 रुपये और सोने की चेन छीन ली। पीड़ित के अनुसार, कन्हैया कुमार के परिवार के सदस्य भी इस घटना में शामिल थे।
बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर बाइक में लगाई आग
मारपीट के बाद आरोपियों ने पुरुषोत्तम सिंह की बुलेट बाइक पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में बुलेट धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग सहमे हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही नीमा चांदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव में कैंप शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि गांव में पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे लेकर पहले भी शिकायतें मिली थीं।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर चले ईंट-पत्थर; तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 27 लोग गिरफ्तार
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में लगातार गश्त बढ़ा दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि गांव में शांति बनी रहे। फिलहाल ग्रामीणों में इस घटना को लेकर रोष है और वे प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।