नया रामनगर थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में एक युवक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि अभिषेक राज उर्फ टिंकु कुमार पासवान (32) की मौत शराब सेवन से हुई है। मौत की खबर सुनते ही एसडीपीओ राजेश कुमार, ईस्ट कालोनी थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, नया रामनगर थाना अध्यक्ष पहुंचे और परिवार वालों से मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शराब सेवन की जानकारी से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह से पता चलेगा। पुलिस को भाई पवन कुमार ने बताया कि अभिषेक उसका बड़ा भाई था। मजदूरी करता था। शनिवार की रात आठ बजे नशे की हालत में घर पहुंचा और कहा कि तबीयत ठीक नहीं है। इस बीच कय-दस्त किया। इसके बाद भाई सोने चला गया।
सुबह उठते ही लगातार कय-दस्त होने लगा हुई। इसके बाद बड़ी आशिकपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। नया रामनगर थाना क्षेत्र के रामनगर बस्ती निवासी राजकुमार पासवान का पुत्र अभिषेक कुमार की संदेहास्पद मौत के बाद घर में मातम पसर गया है। अभिषेक के चार भाइयों में एक था। दो भाई बीएसएपी- नौ में पदस्थापित है, इसमें एक बांका जिले के बेलहर थाना में कांस्टेबल है। एक भाई पढ़ाई कर रहा है। एक बेटी है, उसकी शादी हो गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि जहरीली शराब से मौत हुई है। मृतक टिंकू कुमार पासवान के साथ पहुंचे उनके स्वजन व ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है। यह मामला भी जहरीली शराब से जुड़ा है। अभिषेक जब शनिवार की रात घर पहुंचा तो मुंह से शराब सेवन की दुर्गंध आ रही थी और अचानक तबीयत काफी बिगड़ गई।