बता दें कि बिहार के मुंगेर जिले में सोमवार रात देवी दुर्गा की मूर्ति विर्सजन को लेकर झड़प हो गई थी। इस दौरान कथित तौर पर हुई पुलिस गोलीबारी में एक युवक की मौत को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित शहर में अन्य स्थानों पर तोड़फोड़ की गई और वाहनों को आग लगा दी गई थी।
इस घटना के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय लोगों ने किला क्षेत्र स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पथराव किया और एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। किला क्षेत्र में ही स्थित अनुमंडल अधिकारी के गोपनीय शाखा में तोड़फोड़ की गई। भीड़ ने मुफस्सिल थाना, महिला थाना, वासुदेव पुलिस चौकी, पूरबसराय थाने में तोड़फोड़ और आगजनी की।
इस घटना को लेकर निर्वाचन आयोग ने जिलाधिकारी राजेश मीणा और पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह को तत्काल हटाने का निर्देश दिया था। अपर निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग ने मगध प्रमंडल के आयुक्त असंगबा चुबा एओ को पूरी घटना की जांच करने का आदेश दिया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले मुंगेर जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार देर रात देवी दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और पथराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की ओर से की गई गोलीबारी में 20 साल के एक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बारे में मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा ने कहा था कि वह भीड़ के बीच से किसी के द्वारा चलाई गई गोली से मारा गया था।
वहीं, पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने इस घटना को लेकर कहा था, 'कुछ असामाजिक तत्वों ने दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान पथराव किया, जिसमें 20 जवान घायल हो गए। भीड़ की तरफ से गोलीबारी भी की गई जिसमें दुर्भाग्य से एक व्यक्ति की मौत हो गई।'