आरोपी प्रिंसिपल धर्मेंद्र कुमार और पीड़ित शिक्षिका पूजा सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुंगेर के जमालपुर प्रखंड के फरदा जगदंबापुर मध्य विद्यालय में बीपीएससी की एक शिक्षिका ने प्रधानाध्यपक धर्मेंद्र कुमार पर शारीरिक दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस खबर के सामने आने बाद शिक्षिका की बातों को सुनकर ग्रामीण आग बबूला हो गए और प्रधानाध्यापक का विरोध शुरू कर दिया। घटना 22 दिसंबर की बताई जा रही है। पीड़ित शिक्षिका उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी पूजा सिंह बताई गई हैं।
शिक्षिका पूजा सिंह का आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने उन्हें कमरे में बुलाकर उनके साथ छेड़छाड़ की है। वहीं, प्रधानाध्यापक का कहना है कि छुट्टी न देने पर शिक्षिका ने यह आरोप लगाया है। प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस तरह के मनगढ़ंत आरोप शिक्षिका के द्वारा लगाए गए हैं, मेरे द्वारा इस तरह का व्यवहार नहीं किया गया है। वहीं, शुक्रवार को जब ग्रामीणों को इस मामले की सूचना मिली तो वे उग्र हो गए और विद्यालय में जमकर हंगामा किया।
वहीं, घटना की जानकारी स्थानीय सफियासरय ओपी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर सफियासराय पुलिस विद्यालय पहुंची। फिर आरोपी प्रधानाध्यापक और शिक्षिका दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ कर रही है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ओपी प्रभारी नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा सूचना दी गई कि विद्यालय में कुछ लोगों द्वारा हंगामा किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस को वहां भेजा गया है, जहां पुलिस ने प्रधानाध्यापक और शिक्षिका दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। माहौल शांत बना हुआ है।