मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले के सात आरोपियों को शुक्रवार को दिल्ली भेजा गया। सभी आरोपियों को शनिवार को दिल्ली के साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा। सातों आरोपी मुजफ्फरपुर स्थित जेल में बंद थे।
शुक्रवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच स्टेशन लाया गया। यहां सभी को दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार किया गया। उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को साकेत कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है।
इसी मामले में सभी बंदियों की पेशी होनी है। इससे पूर्व सभी आरोपियों को दिल्ली भेजने के लिए गुरुवार को सभी आवश्यक तैयारियां जेल प्रशासन ने कर ली थी।
ये है पूरा मामला
बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह में 34 लड़कियों के साथ रेप का खुलासा होने के बाद ही राजनीतिक बहस तेज हो गई थी। इस कांड का खुलासा टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सांइसेज(टिस्स) की रिपोर्ट में हुआ। जब सरकार पर विपक्षी पार्टियों और लोगों का दबाव बढ़ा तो इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की गई। पिछले दिनों मुजफ्फरपुर के बालिका गृह से 15 साल की बच्ची का भी कंकाल मिला है। जिससे मामले में नया मोड़ आ गया है।