बिहार के मोतिहारी जिले में दो लड़कियों के साथ हुई रेप की घटना का मामला गर्माता जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम ने शनिवार को मोतिहारी सदर अस्पताल जाकर दुष्कर्म की शिकार युवती और उसके परिजनों से भेंट की। महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू ने जब अपने सामने जांच कराई तो चिकित्सकों ने दुष्कर्म की पुष्टि की। वैसे मीडिया के सामने महिला डॉक्टरों ने बस इतना कहा कि हम लोग एक महिला हैं, महिला की निजता सार्वजनिक नहीं कर सकते, बस इतना कहूंगी कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म हुआ है।
इससे पूर्व सुषमा साहू जब अस्पताल पहुंचीं तो वहां सिविल सर्जन को नहीं देखकर भड़क गईं। उन्होंने प्रशासन की ओर से भी किसी के नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों के सामने पीड़िता से पूछताछ की। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए साहू ने कहा कि पूरे मामले में घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता दिखाई दे रहा है।
जांच के नाम पर केवल पीड़िता को एक कमरे में ले जाकर दवाई देने की बात की गई। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि दोनों मेडिकल रिपोर्ट पर पीड़िता से अनजाने में हस्ताक्षर कराए गये हैं। साहू ने कहा कि आज जब उन्होंने अपने सामने जांच करने को कहा तो डॉक्टरों ने दुष्कर्म की बात स्वीकार की है। साहू ने कहा कि वो केंद्र सरकार से यहां के प्रशासन खास कर एसपी की शिकायत करेंगी।
उन्होंने कहा कि आज एसपी नहीं आए, लेकिन कल जब समय मांगेंगे तो नहीं मिलेंगी। उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और इस मामले की स्पीडी ट्राइल कराने की मांग की है। बताया जा रहा है कि आयोग की जांच टीम सोमवार तक अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।
उल्लेखनीय है कि आयोग को शिकायत मिली थी कि पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है। इससे पहले आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमार मंगलम ने कहा कि लड़कियों को बिहार सरकार सुरक्षा नहीं दे सकती तो इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रशासन बिल्कुल लचर है। गुंडे लड़कियों को हथियार के बल पर अगवा कर लेते हैं, रेप होता है और प्रशासन पीड़ित पर ही लांछन लगाता है।
इधर, इस मामले में सियासत भी जारी है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह और उपेंद्र कुशवाहा ने पीड़िता से मुलाकात की। राधामोहन सिंह ने कहा कि बिहार में जंगलराज से भी भयानक स्थिति हैं। एक पीड़िता खुद चिल्ला रही है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है, लेकिन प्रशासन और सरकार उसकी सुनने को तैयार नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मोतिहारी में दो लड़कियों के साथ रेप की घटना सामने आयी थी। एक मामले में पुलिस दुष्कर्म का प्रयास का मामला बता रही है तो दूसरे मामले में आरोपी लड़की के घरवालों पर केस उठाने का दबाव डाल रहे हैं।
Published By Rahul Sankrityayan