सीवान के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक घर में मां की मौत के बाद उसकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची का अपनी मां के पास खड़े होकर रोना हर किसी की आंखें नम कर दे रहा है।
ढाई साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि रामगढ़ निवासी लगन महतो की शादी करीब ढाई साल पहले 20 वर्षीय चंदा देवी से हुई थी। लगन महतो बेंगलुरु में मजदूरी का काम करता है, जबकि चंदा देवी गांव में अपनी छोटी बच्ची के साथ अकेले रहती थी। मंगलवार की रात किसी घरेलू कहासुनी के बाद चंदा देवी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना का सबसे दर्दनाक पहलू तब सामने आया, जब बुधवार सुबह पड़ोसियों को घर से बच्ची के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी।
अंदर का दृश्य देख सभी रह गए सन्न
जब लोगों ने दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। चंदा देवी फंदे से लटकी हुई थीं और उनकी डेढ़ साल की मासूम बेटी उनके पैरों के पास खड़ी होकर रो रही थी। उस मासूम को यह भी समझ नहीं था कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
लोगों ने पुलिस को दी जानकारी
यह दृश्य इतना मार्मिक था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और साथ ही बेंगलुरु में रह रहे पति को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर प्रारंभिक जांच भी की है।
ये भी पढ़ें:
शादी से 10 दिन पहले सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, कार्ड बांटने निकला था युवक
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी विजय रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका घर में अपनी बच्ची के साथ अकेली रहती थी, जबकि उसका पति बाहर काम करता है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका का मोबाइल लॉक है, जिसे खोलने के बाद ही घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पति के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।