गुस्साए लोगों ने भीखनपुर में जाम किया हाइवे
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि जिले के बोचहा थाना क्षेत्र इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने ऑटो सवार एक महिला से पर्स छीनने का कोशिश की। छिनैती के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार अपराधी मौके पर गिर गए। साथ ही ऑटो भी पलट गया और उसमें सवार कई यात्री भी जख्मी हो गए। मौके पर जुटी भीड़ ने दोनों बदमाश को पकड़ लिया और जमकर उनकी पिटाई कर दी। इसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से एक बदमाश ने इलाज के दौरान दम तोड दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने अहियापुर के भीखनपुर में सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। मामले में अहियापुर थानाध्यक्ष अरुण सिंह का कहना है की घटना की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर स्टेशन से ऑटो पर सवार होकर यात्री दरभंगा जा रहे थे। रास्ते में बोचहा थाना क्षेत्र के मझौली में बाइक सवार दो बदमाश आए और ऑटो सवार एक महिला से पर्स छीनने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। साथ ही ऑटो भी अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो सवार कई यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई की। फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
इसके बाद दोनों आरोपियों को अहियापुर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई। वहीं, दूसरे का इलाज चल रहा है। निजी अस्पताल के कर्मियों ने आरोपियों के परिजन को मामले की जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन अस्पताल पहुंचे। तब तक एक आरोपी की मौत हो गई। मृतक की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बथना निवासी रजनीश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल आरोपी अमन उसका छोटा भाई है। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इससे जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को खत्म कराया।