बिहार के मुंगेर जिले में स्थानीय लोगों ने असरगंज थाना पर गुरुवार को पथराव और तोड़फोड़ की। ग्रामीण एक बच्ची के लापता होने और उसके बाद उसका शव मिलने पर आक्रोशित थे।
मुंगेर के प्रभारी एएसपी हरिशंकर प्रसाद के मुताबिक असरगंज इलाके से बुधवार को एक आठ साल की बच्ची रास्ते से गायब हो गई थी। बच्ची बाजार से समान खरीदने गई थी और फिर घर लौटकर नहीं आई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद गुरुवार सुबह लापता बच्ची की लाश एक तालाब से बरामद हुई।
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने असरगंज थाना पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिया जिला सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने वारदात की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी के मुताबिक मृतक बच्ची के शरीर पर कोई जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। हरिशंकर प्रसाद ने कहा है कि थाने पर पथराव और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ एफआई दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।