तेजस्वी और तेज प्रताप लगातार आपसी मनमुटाव की खबर को खारिज करते रहे हैं, लेकिन अब बहन मीसा भारती ने माना है कि दोनों भाइयों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। लालू यादव की बड़ी बेटी एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने मनेर में आयोजित लिट्टी चोखा कार्यक्रम में कहा कि राजद बहुत बड़ा परिवार है। थोड़ा बहुत मनमुटाव कहां नहीं होता है। हमारे घर में भी भाई भाई के बीच मनमुटाव है।
उन्होंने कहा कि राजद के पास वोट की कमी नहीं है। मीसा ने पार्टी के खिलाफ काम करने वालों को चेताते हुए कहा कि पीठ में खंजर मारोगे तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। वैसे यह पहली बार है कि पार्टी के किसी कार्यक्रम के दौरान लालू परिवार के किसी सदस्य ने इस बात स्वीकार किया है कि लालू यादव के दोनों बेटों के बीच मनमुटाव है।
हालांकि मीड़िया में ऐसी खबरें आने के बाद मीसा भारती ने ट्वीट कर इस खबर का खंडन किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'कार्यकर्ताओं को एकजुट होने के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। खबर बेबुनियाद है। मैं इसका पुरजोर खंडन करती हूं।'
बता दें कि आए दिन ऐसी खबरें आती रहती थी कि तेजस्वी और तेजप्रताप के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कई मौके पर यह देखा भी गया है कि तेजस्वी और तेजप्रताप ने एक साथ मंच साझा करने में दूरी बनाते रहे हैं।