पुलिस ने बरामद किया प्रेशर आईइडी।
- फोटो : अमर उजाला
अति नक्सल प्रभावित औरंगाबाद जिले में पुलिस ने लोकसभा चुनाव के दौरान माओवादियों की दहला देने वाली बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने चुनाव को लेकर चलाए जा रहे एंटी नक्सल स्पेशल ऑपरेशन के दौरान छह शक्तिशाली प्रेशर आईइडी बम को बरामद कर डिफ्यूज कर दिया है। नक्सलियों की योजना विस्फोट कर सुरक्षा बलों को उड़ाने की थी।
छः प्रेशर आईइडी को बरामद कर डिफ्यूज कर दिया
पुलिस कप्तान स्वपना गौतम मेश्राम ने बताया कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और बाधा रहित संपन्न कराने को लेकर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी दौरान औरंगाबाद एवं गया जिले के सीमावर्ती मदनपुर थाना क्षेत्र में छकरबंधा के दुर्गम जंगली- पहाड़ी इलाके से पुलिस ने छः प्रेशर आईइडी को बरामद कर डिफ्यूज कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को छकरबंधा के जंगलों में नक्सली गतिविधियों में तेजी और हथियार, गोला-बारुद, विस्फोटकों तथा असलहों को छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आलोक में पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से सर्च अभियान को और तेज किया। अभियान की जिम्मेवारी कोबरा बटालियन की डी-205 कंपनी के कमांडेंट कैलाश आर्या को दी गई।
नक्सल प्रभावित इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर
सहायक कमांडेंट देवव्रत पांडेय के नेतृत्व में सघन सर्च शुरू किया गया। इस दौरान माओवादियों के ट्रेनिंग सेंटर के रूप में चर्चित रहे करीबा डोभा, सहिया एवं बंदर झूला की पहाड़ियों के पास से तीन प्रेशर आईइडी तथा तीन आईइडी की एक सीरीज समेत कुल छः शक्तिशाली आईइडी बम बरामद किया गया। आईईडी की बरामदगी के बाद कोबरा के बीडीडी स्क्वायड द्वारा सावधानी पूर्वक मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया। कहा कि नक्सलियों की योजना आईइडी बम इंप्लांट कर सुरक्षा बलों को उड़ाने की थी, जो विफल हो गई। एसपी ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर औरंगाबाद पुलिस बेहद अलर्ट है। शहर से लेकर गांव और जंगली- पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एरिया डॉमिनेशन किया जा रहा है। चुनाव को लेकर पुलिस हर तरह की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रही है। नक्सल प्रभावित इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर है।