देश के चर्चित चेहरा और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में दिल्ली से कांग्रेस के उम्मीदवार कन्हैया कुमार आज बिहट स्थित अपने घर मक़सदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ संख्या 228 बिहट मकसकदपुर पर अपना मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोक तंत्र के लिए सबसे बड़ा महापर्व चुनाव होता है। किसी भी मतदाता और नागरिक के लिए यह महापर्व है। अगर आप लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं तो एक मतदाता होने के नाते यह यह आपकी प्रथम जिम्मेदारी है कि आप मतदान जरूर करें।
पीएम नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना
कन्हैया कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोरोना काल था तब मोदी जी नहीं आये अब चुनाव है तब वह बिहार में घूम रहे हैं। अभी घूमेंगे तब ही न प्रधानमंत्री बनेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की धरती कब से इस बात की मांग कर रही है कि आप बिहार को बिशेष राज्य का दर्जा दीजिये। यह बात नीतीश कुमार ने कहना शुरू किया था। नीतीश जी तो अब मोदी जी के साथ गठबंधन की सरकार में हैं, रोड शो में साथ ही घूम रहे थे, तो उस समय नीतीश जी ने क्यों नहीं मोदी जी से मांग लिया बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा।
नही बनेगी एनडीए की सरकार
कन्हैया कुमार ने कहा कि हमें भरोसा है कि बेगूसराय के लोग सुधि मतदाता हैंइस बार वह बदलाव करेंगे। यह मन हमें दिख रहा है। न सिर्फ बेगूसराय, बिहार बल्कि पूरा इंडिया गठबंधन की लहर है और जो बात 400 से शुरू हुई थी एनडीए की बात अब फीका नजर आ रहा है। जिस तरह से एक चरण दो चरण तीन चरण का मतदान हो रहा है, मुझे नहीं लगता है कि एनडीए की सरकार बनेगी।
चुनाव के बहाने घर आने का मिला मौका
कन्हैया कुमार ने आगे कहा कि यह मेरे लिए काफी हर्ष की बात है कि वोट गिराने के लिए ही सही उन्हें इस अवसर पर घर आने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि आज उनके लिए काफी हर्ष का दिन है कि जिस जगह से उन्होंने पढ़ाई की है उस समाज और उसी स्कूल में आकर वह मतदान कर रहे हैं। मेरे लिए यह एक इमोशनल ओर पॉलीटिकल वैल्यू का भी स्थान है।
गिरिराज सिंह और अवधेश राय के बीच है टक्कर
बेगूसराय में लोकसभा निर्वाचन के चौथे चरण में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला में कुल सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जिसमें 2070 मतदान केंद्रों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करे रहे हैं। जिला मे कुल पुरुष मतदाताओं की संख्या जहां 11,55036 है, वहीं महिला मतदाता की संख्या लगभग 10,40,994 है। इस बार चुनाव में थर्ड जेंडर 59 मतदाता भी शामिल है। यानि कि जिले में कुल 21,96089 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग आज करना है। इसमें पीडब्लूएस पुरुष वोर्टस की संख्या 13,401 और महिला 8,288 शामिल है। मतदान केन्द्र से सौ मीटर दूरी तक धारा 144 लागू है। जिले में कुल दस प्रत्याशी चुनावी मैदान में है, जिनके भाग्य का फैसला जनता आज करेगी। इसमें मुख्य मुकावला भाजपा के गिरिराज सिंह और सीपीआई के अवधेश रॉय के बीच है।