Liquor Ban in Bihar : शराबबंदी वाले बिहार में एक बार फिर एक युवक की देशी शराब पीने से मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि शराब माफियाओं के संबंध में पुलिस को कई बार सूचना दी गई लेकिन पुलिस की निष्क्रियता की वजह से गांव में धड़ल्ले से शराब बिक रहा है।
बेगूसराय में एक बार फिर एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत महुआ शराब पीने से हुई है। मृतक की पहचान छौड़ाही थाना क्षेत्र के परोड़ा निवासी ऋषिकेश कुमार सिन्हा के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऋषिकेश कुमार सिन्हा अक्सर महुआ शराब पिया करता था। दो दिन पहले भी उसने शराब पीया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आननफानन में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बीती देर रात उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
विज्ञापन
गांव में धड़ल्ले से बिकती है शराब, पुलिस
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि परोरा गांव में कई जगहों पर लंबे समय से महुआ शराब बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। स्थानीय युवकों ने कई बार इस बात की सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस इस मामले पर खामोश रहती है। ग्रामीणों ने शराब माफियाओं के खिलाफ कई बार शिकायत की लेकिन पुलिस इस मामले में उदासीन रवैया अपनाती रही। शराब माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होने की वजह से उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं और आज उसी का परिणाम है कि ऋषिकेश कुमार सिन्हा की शराब पीने से मौत हो गई है। उक्त मामले में भी लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची है।