चारा घोटाले के पांचवें मामले में भी सजा सुनाए जाने के बाद से झारखंड के रिम्स में भर्ती राजद प्रमुख व बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव परीक्षण में स्वस्थ पाए गए हैं। उनकी इकोकार्डियोग्राफी, ईसीजी व डेंटल टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई है।
2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से स्वास्थ्य कारणों से लालू यादव 31 महीने अस्पताल में और आठ महीने जेल में बिता चुके हैं। 2017 के बाद से उनकी सजा का ज्यादातर हिस्सा रांची के सरकारी मेडिकल कॉलेज राजेंद्र इस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) और दिल्ली के ऑल इंडिया मेडिकल साइंस (एम्स) में बीता। उन्हें रिम्स में अगस्त 2018 को शिफ्ट किया गया था और वे जनवरी 2021 वहां रहे। उसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स लाया गया। बीते साल अप्रैल में झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद एम्स से बाहर निकले।
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को डोरंडा कोषागार से जुड़े चारा घोटाले के पांचवें और आखरी मामले में पांच साल की सजा सुनाई गई है। रांची की स्पेशल सीबीआई कोर्ट के जज एसके शशि ने यह फैसला सुनाया है। लालू यादव पर 60 लाख रूपये का जुर्माना भी लगाया गया है। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139.5 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का है। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 15 फरवरी को लालू यादव समेत 75 आरोपियों को दोषी करार दिया गया था और 24 को रिहा कर दिया गया था। 75 में से 36 को तीन-तीन साल की सजा मुकर्रर की जा चुकी है।