राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव नोटबंदी के फैसले के खिलाफ लगातार पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक हमला कर रहे हैं । 500 और 1000 के पुराने नोट बंद किए जाने के बाद से ही लालू लगातार पीएम पर निशाना साध रहे हैं। गुरुवार को ट्वीट कर एक बार फिर पीएम पर तंज कसा और उन्हें "Twitter राजा" बताया।
लालू ने ट्वीट में लिखा, "देश में 105 लोग मर गए पर "Twitter राजा" ने एको ट्वीट नही किया। माना आपकी गलती से हुआ है पर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि तो देनी चाहिए। है कि नही"।
देश में105 लोग मरगए पर"Twitter राजा" ने एको ट्वीट नही किया।माना आपकी गलती से हुआ है पर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि तो देनी चाहिए।है कि नही— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) December 22, 2016
इससे पहले लालू ने राहुल गांधी द्वारा पीएम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने पर ट्वीट किया था कि प्रधानमंत्री अपने ऊपर लगे भ्रष्टचार के आरोपों पर स्पष्टीकरण दें तथा सुप्रीम कोर्ट के जज से इस भ्र्ष्टाचार की जांच करावें। चुप्पी ना खींचे।
एक के बाद एक लालू ने कई ट्वीट किए। एक ट्वीट में लालू ने लिखा, "राहुल गांधी ने गुजरात में छाती पर चढ़कर तथ्यों के साथ प्रधानमंत्री पर 40 करोड़ के भ्र्ष्टाचार का आरोप लगाया है। ये मामूली बात नहीं है।"
अपने आप को फकीर कहे जाने पर लालू ने पीएम पर चुटकी ली। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "फकीर कुछ छिपाते नहीं, पारदर्शी जीवन जीते हैं। फकीर साहब 40 करोड़ का हिसाब-किताब बतायें अन्यथा फकीर और फकीरी से दुनिया का विश्वास उठ जायेगा।"
वहीं, लालू यादव ने नोटबंदी के फैसले के खिलाफ पटना में महारैली करने का ऐलान किया है। एक न्यूज चैनल से बातचीत में लालू ने कहा कि कहा कि सभी विपक्षी दल इस मुद्दे पर एकजुट होंगे।
लालू ने कहा कि पटना में वे इसके खिलाफ महारैली का आयोजन करने वाले हैं और इस रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।