राजद सुप्रीमो लालू यादव और भाजपा के बीच छत्तीस का आंकड़ा रहा है, न वह भाजपा पर वार करने का कोई मौका छोड़ते हैं न प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर।
लालू ने एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के बहाने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साध दिया है। लालू ने कहा केजरीवाल द्वारा लगाए गए आरोप काफी गंभीर हैं इसलिए उनकी पुख्ता जांच होनी चाहिए। हालांकि इसकी जांच के लिए वे सीबीआई के पक्ष में नहीं हैं क्योंकि वह केंद्र के गृह मंत्रालय के अधीन है इसलिए उन्होंने संसदीय समिति पर भरोसा जताया है।
बता दें कि तीन दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के सामने खुला आरोप लगाया था कि जिस तरह से केंद्र सरकार उनके विधायकों को तंग करके एक एक कर जेल भेज रही है ऐसे में उन्हें अंदेशा है कि सरकार उनकी भी हत्या करा सकती है। केजरीवाल ने इस सबके पीछे प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार बताया था।