सहरसा में युवा कांग्रेस ने जारी किए पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
सहरसा में बुधवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुदीप कुमार सुमन के नेतृत्व में ‘नशा नहीं, न्याय चाहिए’ और ‘बेरोजगार युवा को नौकरी दो’ जैसे पोस्टर लॉन्च किए गए। इस अभियान का उद्देश्य बेरोजगारी और युवाओं में बढ़ते नशे की समस्या को उजागर करना है। पोस्टर लॉन्च के दौरान सुमन ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ यह अभियान दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ है। जहां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू के नेतृत्व में युवाओं की आवाज बुलंद की जा रही है।
देश भर में हो रहा विरोध प्रदर्शन
सुदीप कुमार सुमन ने बताया कि केंद्र सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था, लेकिन वह अब तक पूरा नहीं हुआ। इसके बजाय, सरकार की चुप्पी और नशीले पदार्थों का फैलता कारोबार यह साबित करता है कि सरकार युवाओं को नशे में धकेलने का काम कर रही है। नशे के बढ़ते प्रसार से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और सरकार की निष्क्रियता इसे और बढ़ावा दे रही है।
नशे के खिलाफ जंग
युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि देश भर में नशीले और प्रतिबंधित मादक पदार्थों का कारोबार सरकार के संरक्षण में चल रहा है। सुमन ने कहा कि सरकार बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने में विफल रही है और अब युवाओं को नशे में धकेलकर उन्हें रोजगार की बात करने से रोक रही है। उन्होंने गुजरात के अदानी पोर्ट पर पकड़े गए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों का जिक्र करते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सरकार इस अवैध कारोबार को रोकने में विफल रही है।
बिहार में शराबबंदी पर सवाल
सुदीप कुमार सुमन ने बिहार में शराबबंदी की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में शराब प्रतिबंधित है, लेकिन यह छिपाकर बेची जरूर जाती है। यह सरकार की नीयत और उसकी नीतियों की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तीन तलाक और मॉब लिंचिंग जैसे मुद्दों पर तो कानून बना रही है, लेकिन नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे पर कोई ठोस कानून नहीं बना रही।
युवा कांग्रेस का संकल्प
सुमन ने कहा कि युवा कांग्रेस ने यह संकल्प लिया है कि वह सरकार के वादे को पूरा कराने के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह अभियान सिर्फ सहरसा या बिहार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश में फैलाया जाएगा। इस दौरान बाबुल सिंह, दीपक कुमार, रवि कुमार, मोहम्मद युसुफ और विजय कुमार सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने भी केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाई।