अपराधियों ने कानबाली खींचकर महिला को किया घायल
- फोटो : अमर उजाला
छठ पर्व की धूम के बीच सहरसा में अपराधियों ने एसपी ऑफिस के पास झपटमारी की घटना को अंजाम देकर लोगों में खौफ फैला दिया। गुरुवार सुबह करीब दस बजे सिटानाबाद निवासी बंटी भगत अपने परिवार के साथ छठ पर्व में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनके कान से बाली झपट ली, जिससे वह घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बंटी भगत ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं और एसपी ऑफिस से कुछ ही कदम की दूरी पर थीं। अपराधियों ने महिला के गले से मंगलसूत्र भी छीनने की कोशिश की, पर शोर मचाने पर वे बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नजदीकी मेडिकल स्टोर पर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। इस झपटमारी के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने पुलिस से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
लोगों का कहा कि छठ पर्व जैसे भीड़भाड़ वाले समय में महिलाएं सज-धज कर बाहर निकलती हैं, जिससे उनके आभूषण अपराधियों के निशाने पर आ जाते हैं। दुर्गा पूजा के दौरान भी इसी प्रकार के कई झपटमारी की घटनाएं सामने आई थीं। पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमी और एसपी ऑफिस के पास इस तरह की घटनाएं अपराधियों के बुलंद हौसले को दर्शाती हैं।