सुपौल जिले के छातापुर से पटना के बीच चलने वाली देव ट्रैवल्स नामक यात्री बस बुधवार की शाम अचानक धू-धू कर जल गई। यह घटना छातापुर बस पड़ाव में हुई, जहां बस पार्किंग में खड़ी थी। बस के खुलने में करीब ढाई घंटे का समय बाकी था और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद थी। गनीमत रही कि उस समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
दमकल में देरी से भड़का लोगों का गुस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद दमकल के मौके पर पहुंचने में करीब 30 मिनट की देरी हुई, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क गया। छातापुर थाना क्षेत्र में महीनों से दमकल की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण भीमपुर थाने को सूचना दी गई थी। जब दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तो आक्रोशित लोगों ने उसे खदेड़ दिया। दमकल चालक वाहन लेकर थाने की ओर भागा और भीड़ भी उसके पीछे-पीछे थाने तक पहुंच गई।
थाने पर हंगामा, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
थाने के पास पहुंचकर भीड़ ने करीब आधे घंटे तक जमकर उपद्रव किया। इस दौरान थाना परिसर के बाहर खड़े एक पुलिस वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया और उसे पलट दिया गया। घटना में एसआई त्रिलोकीनाथ शर्मा घायल हो गए। सैकड़ों की भीड़ के सामने स्थानीय पुलिस काफी देर तक बेबस नजर आई। थाना गेट के सामने करीब 40 मिनट तक हंगामा चलता रहा। कुछ लोगों ने उपद्रवियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति काबू में नहीं आ सकी और पत्थरबाजी भी की गई।
बस से उठता धुआं बना आग का कारण
जानकारी के मुताबिक, उक्त बस संख्या बीआर 31पी/8321 बुधवार सुबह पटना से यात्रियों को लेकर छातापुर पहुंची थी और रोज की तरह बस पड़ाव में खड़ी की गई थी। दिन में चालक और सहचालक आराम कर रहे थे और शाम को पटना के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। इसी दौरान शाम करीब 5:50 बजे आसपास के दुकानदारों ने बस के अंदर से धुआं उठते देखा। शोर मचाने के बाद जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेज हो चुकी थी और बस पूरी तरह लपटों में घिर गई।
आग बुझाने में लोगों ने किया प्रयास, इलाके में दहशत
आग इतनी भीषण थी कि लोग पास जाकर उसे बुझाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे। बाद में आग की तीव्रता कम होने पर आसपास के लोगों ने मिट्टी, रेत और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। बस पड़ाव घनी आबादी के बीच होने के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और सभी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे।
प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
इस संबंध में छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि उपद्रवियों द्वारा एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है और एक एसआई घायल हुए हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम सावन कुमार, एसपी शरथ आरएस और डीआईजी डॉ. कुमार आशीष मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुलाया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और हंगामा शांत करा लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।