बिहार के सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। कोसी नदी में बीते शनिवार दोपहर से लापता ठेकेदार के मुंशी का शव रविवार को एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। नदी से शव बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी उमेश प्रसाद सिंह के 45 वर्षीय पुत्र कौशल किशोर सिंह उर्फ पप्पू सिंह के रूप में हुई है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
कौशल किशोर जल संसाधन विभाग के एक ठेकेदार के अधीन मजदूरों के हेड मुंशी के रूप में कार्यरत थे। वे पिछले दो महीनों से महिषी थाना क्षेत्र के महपूरा में रहकर पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर बंबू पाइलिंग का काम करवा रहे थे। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वे कोसी नदी में स्नान करने के लिए गए थे, लेकिन पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में लापता हो गए।
24 घंटे की मशक्कत के बाद 4 किलोमीटर दूर मिला शव
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। शनिवार को एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने घंटों खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रविवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दक्षिण दिशा में एनडीआरएफ की टीम ने कौशल किशोर का शव बरामद कर लिया।
परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे कौशल किशोर
कौशल किशोर अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके वेतन से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। वे अपने पीछे दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक की उम्र 8 वर्ष और दूसरे की उम्र 6 वर्ष बताई जा रही है। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के सामने अब घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
ये भी पढ़ें:
शराबी स्कॉर्पियो चालक का कहर! पुलिस गश्ती गाड़ी में मारी टक्कर, ASI समेत चार जवान गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
मामले की जानकारी देते हुए महिषी थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार भारती ने बताया कि कोसी नदी में डूबने से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।