मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास शुक्रवार दोपहर को भीषण सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कुमारखंड प्रखंड के रौता वार्ड-12 निवासी अरुण साह के बेटे गुलशन कुमार (22) के रूप में हुई। वहीं, जख्मी दोनों युवक बिहारीगंज प्रखंड क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत गंगौरा वार्ड-पांच निवासी देवनारायण मंडल के बेटे स्वदेश कुमार (17) और छट्ठू मंडल के बेटे नीलेश कुमार (17) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुमारखंड प्रखंड के रौता निवासी गुलशन कुमार अपनी बहन के घर बिहारीगंज प्रखंड के पररिया में मकर संक्रांति का संदेश देने जा रहा था। वहीं, गंगौरा निवासी दोनों युवक स्वदेश और नीलेश इंटर की प्रायोगिक परीक्षा देने बभनगामा बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान करीब एक बजे बिहारीगंज-मुरलीगंज मुख्य मार्ग में लक्ष्मीपुर स्कूल के पास दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तीनों युवकों को बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीलेश और स्वदेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गुलशन के परिजनों ने बताया कि उनका सपना था कि वह पढ़ाई पूरी करे और अपने परिवार का सहारा बने। उसकी इस तरह की मृत्यु से हमारा परिवार टूट गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर जांच में जुट गई।