फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बालू-सीमेंट दुकानदार की हत्या की साजिश का खुलासा, दो लाख में हुई थी डील; दो शूटर गिरफ्तार

Mon, 30 Dec 2024 05:31 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा

सार

Madhepura News: एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। मुख्य साजिशकर्ता और सौदे में शामिल अन्य लोगों का सुराग लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मधेपुरा जिले में बालू-सीमेंट दुकानदार अंकेश कुमार की हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के लिए किए गए सौदे और इसमें शामिल अपराधियों का पर्दाफाश कर दिया है। एसपी संदीप सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड के लिए दो लाख रुपये में डील हुई थी, जिसमें डेढ़ लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए गए थे।

विज्ञापन

 
सिर और छाती में मारी गई थी गोली
जानकारी के मुताबिक, दो जुलाई 2024 को मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रहिका टोला वार्ड-13 में अंकेश कुमार अपनी दुकान पर बैठे थे। उसी समय बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर हमला किया। सिर और छाती में गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई।
 
एफआईआर और जांच का सिलसिला
घटना के बाद अंकेश के भाई ने मुरलीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पकिलपर वार्ड-4 निवासी गुड्डू कुमार और सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के अरसी निवासी नीतीश कुमार यादव उर्फ पनियार के रूप में हुई।
विज्ञापन

 
यूं रची गई हत्या की साजिश
पूछताछ में अपराधियों ने खुलासा किया कि अंकेश कुमार की हत्या के लिए दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। अपराधियों को डेढ़ लाख रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी की राशि हत्या के बाद मिलने वाली थी। वहीं, पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
 
शेष आरोपियों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। मुख्य साजिशकर्ता और सौदे में शामिल अन्य लोगों का सुराग लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस मामले को सुलझाने में मुरलीगंज थाना अध्यक्ष अजीत कुमार और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापामारी टीम में दरोगा अजय कुमार, विकास कुमार, बबलू कुमार, सिपाही रंगलाल कुमार, विकेश कुमार, मनोज ठाकुर और राजेंद्र यादव शामिल रहे।
 
इलाज के बाद दुकानदार की जान बची
हालांकि दुकानदार अंकेश कुमार की जान बच गई है, लेकिन इस घटना ने इलाके में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने घटना को लेकर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें