भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बुधवार को मधेपुरा में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भारत से अरबों का व्यापार करने वाला चीन हमारे ही पैसे से पाकिस्तान और आतंकियों की मदद करता है, लेकिन सरकार कुछ नहीं करती। उन्होंने कहा कि चीन पाकिस्तान को समर्थन देता है। वहां की सरकार और आतंकियों को संरक्षण देता है। पूरी दुनिया आतंकवाद से परेशान है। पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि जब 'मेक इन इंडिया' का नारा दिया गया था, तो आज भी चीन से इतना बड़ा व्यापार क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि देश के 90 प्रतिशत लोगों को व्यापार का मौका नहीं मिलता, तो 2-4 प्रतिशत लोगों के लिए देश के सम्मान के साथ समझौता क्यों किया गया।
कर्नल सोफिया का अपमान करने वाले मंत्री पर हो कार्रवाई
सांसद ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में नेतृत्व करने वाली सेना की अफसर कर्नल सोफिया कुरैशी की तारीफ करते हुए भाजपा के एक मंत्री पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया ने जिस तरह आतंकियों से लोहा लिया, वह काबिल-ए-तारीफ है। लेकिन भाजपा का एक मंत्री उन्हें आतंकियों की बहन कह रहा है। अभी तक उस मंत्री पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या ये सैनिक का अपमान नहीं है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार सैनिकों को जाति के आधार पर देखती है। सैनिकों को जाति में बांटना शर्मनाक है। ऐसे मुख्यमंत्री को पद पर रहने का हक नहीं है।
हमारी सेना हर परिस्थिति से लड़ने के लिए सक्षम
पप्पू यादव ने संघर्षविराम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब पूरा देश सरकार के साथ खड़ा था, तो आपने सीजफायर क्यों किया? अगर पाकिस्तान अब भी गोली चला रहा है तो उसका जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? कौन रोक रहा है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि फिर से फोटो सेशन शुरू हो गया है। हम चाहते हैं कि पीओके भारत में शामिल हो और चीन से अपनी जमीन वापस ली जाए। हमारी सेना इसके लिए पूरी तरह सक्षम है।
नेता चुनाव लड़ सकते हैं, जंग नहीं
सांसद ने नेताओं की मानसिकता पर हमला करते हुए कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि नेता सिर्फ चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन जंग नहीं। उनके पास जिगर नहीं है। वे सिर्फ नफरत फैला सकते हैं और पैसे व दलाली के सहारे कुर्सी तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के सैनिक को फ्रीडम मिलनी चाहिए, लेकिन नेता हर मौके को राजनीति का मंच बना लेते हैं। अब ये नेतागिरी बंद होनी चाहिए।
एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती की यह बात नहीं जानते होंगे आप! पिता और भाई ने खोला जीवन का राज